भीमताल में दुकान और मकानों में लगाए लाल निशान
रानीबाग से मोतियापाथर तक सड़क होगी चौड़ी
भीमताल(नैनीताल)। लोक निर्माण विभाग ने रानीबाग से मोतियापाथर तक मानसखंड योजना के तहत सड़क चौड़ीकरण के लिए मकानों और दुकानों को चिन्हित करना शुरू कर दिया है। बुधवार को भीमताल में लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क चौड़ीकरण के लिए सड़क किनारे बने मकानों और दुकानों को चिन्हित कर लाल निशान लगाए गए। विभाग रानीबाग, भीमताल, धारी, धानाचूली और मोतियापाथर तक सड़क चौड़ीकरण के लिए अतिक्रमण चिन्हित कर रहा है। इसके लिए विभाग की ओर से लाल निशान लगाने का सर्वे किया जा रहा है। लाल निशान लगाए जाने के बाद एक बार फिर से भीमताल के व्यापारी और स्थानीय लोग चिंतित होने लगे हैं। बुधवार को भी लाल निशान देख लोग परेशान नजर आए। लोनिवि ईई कृष्ण कुमार ने बताया कि रानीबाग से मोतियापाथर तक परिसंपत्तियों को चिन्हित करने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण की श्रेणी में आने वाली परिसंपत्तियों पर लाल निशान लगाए जा रहे हैं। सड़क 12 मीटर तक चौड़ी की जाएगी।

+ There are no comments
Add yours