जनगणना 2026 की तैयारी तेज: जिले में कार्मिकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न

Estimated read time 1 min read





भीमताल, 6 अप्रैल। आगामी 25 अप्रैल से शुरू होने जा रहे जनगणना कार्य के प्रथम चरण को लेकर जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में सभी तहसील स्तरों और नगरीय क्षेत्रों में कार्मिकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण विभिन्न बैचों में सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया गया।
नैनीताल नगरीय क्षेत्र में राज्य संपत्ति विभाग के सभागार में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। वहीं भीमताल, धारी और रामनगर सहित जिले के अन्य क्षेत्रों में भी जनगणना से जुड़े कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि जनगणना के प्रथम चरण में मकानों का सूचीकरण और गणना की जाएगी, जो पूरी तरह डिजिटल ऐप के माध्यम से संपन्न होगी। उन्होंने संस्थागत और गैर-संस्थागत परिवारों की पहचान तथा मकानों के चिह्नीकरण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया।
भीमताल स्थित शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) में प्राचार्य सुरेश कुमार की उपस्थिति में प्रशिक्षण आयोजित किया गया, जबकि शिक्षा भवन नैनीताल में मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद जायसवाल की देखरेख में कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। मुख्य शिक्षा अधिकारी ने प्रशिक्षण के दौरान आंकड़ों की सटीकता और समयबद्धता पर विशेष जोर दिया।
शिक्षा भवन में प्रशिक्षण कार्यक्रम कमल सिंह मेहरा (सहायक जनगणना चार्ज) और अर्थ एवं संख्या विभाग के अपर सांख्यिकी अधिकारी की निगरानी में संचालित हुआ। वहीं डाइट में प्रशिक्षण अक्षत भट्ट (चार्ज अधिकारी/तहसीलदार नैनीताल), मास्टर ट्रेनर ज्योतिर्मय मिश्रा और संजय गुरुरानी की देखरेख में सम्पन्न हुआ।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 311 में से 295 प्रगणक एवं सुपरवाइजर उपस्थित रहे, जो जनगणना कार्य के सफल संचालन के लिए प्रशिक्षित किए गए।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours