भीमताल , 28 फरवरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के अजमेर से 14 वर्ष की लड़कियों के लिए सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ ह्यूमन पैपिलोमावायरस (HPV) टीकाकरण अभियान का भव्य शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज से वर्चुअल माध्यम से भाग लेकर इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को ज़्यादा व्यापक बनाया।
मुख्यमंत्री धामी ने इस दौरान मेडिकल कॉलेज में स्थापित HPV टीकाकरण कक्ष का निरीक्षण किया और 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं से सीधे संवाद कर उन्हें टीका लगवाने के लाभ बताए। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल स्वास्थ्य कार्यक्रम नहीं, बल्कि मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर अब मातृशक्ति के स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। भारत में 2024 में ही 78 हजार से अधिक मामले सामने आए, जिनमें 42 हजार से अधिक महिलाओं ने अपनी जान गंवाई। इसे रोकने के लिए प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय स्तर पर HPV टीकाकरण अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है, ताकि आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित भविष्य मिल सके।
धामी ने कहा कि इस अभियान के तहत देशभर में 14 वर्ष की लगभग 1 करोड़ 15 लाख से अधिक किशोरियों को मुफ्त HPV वैक्सीन दी जाएगी। राज्य में भी प्रथम चरण में 155 टीकाकरण केंद्रों पर व्यापक स्तर पर टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए डॉक्टरों, नर्सों, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित कर कोल्ड-चेन व्यवस्था मजबूत की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने प्रत्येक नागरिक के लिए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने का दृढ़ संकल्प लिया है। केंद्र सरकार ने पिछले 11 वर्षों में 23 नए AIIMS बनाकर देश के मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर को और मजबूत बनाया है। पहले जहां देश में 387 मेडिकल कॉलेज थे, अब उनकी संख्या बढ़कर 819 हो गई है।
धामी ने बताया कि उत्तराखंड सरकार भी ‘स्वस्थ उत्तराखंड, समृद्ध उत्तराखंड’ की दिशा में निरंतर स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर काम कर रही है। राज्य में अब तक करीब 61 लाख आयुष्मान कार्ड वितरित किए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से लाखों मरीजों को नि:शुल्क उपचार का लाभ मिल रहा है। राज्य के प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं, तथा देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशियलिटी विभाग भी स्थापित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में राज्य का प्रथम आधुनिक कैंसर संस्थान निर्माणाधीन है और हेलीकॉप्टर एम्बुलेंस सेवा भी शुरू कर दी गई है, जो दूरदराज के इलाकों में जीवनरक्षक साबित हो रही है। जिला अस्पतालों तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है, और टेलीमेडिसिन के माध्यम से दूरदराज गांवों तक विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और अपनी बेटियों का HPV टीकाकरण जरूर करवाएं। उन्होंने शिक्षकों, पंचायत प्रतिनिधियों, महिला समूहों और सामाजिक संगठनों से भी इस अभियान के प्रति व्यापक जागरूकता फैलाने का आग्रह किया। इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, विधायक मोहन सिंह बिष्ट, राम सिंह कैड़ा, सरिता आर्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours