जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार: दमुवांढूगा में बहुउद्देश्यीय शिविर, 89 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर निस्तारण

Estimated read time 1 min read





भीमताल । अम्बेडकर पार्क दमुवांढूगा में सोमवार को जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत आयोजित बहुउद्देश्यीय शिविर में सैकड़ों लोगों ने प्रतिभाग कर अपनी समस्याएं दर्ज कराईं। शिविर में दर्ज अधिकांश शिकायतों का विभागीय अधिकारियों द्वारा मौके पर ही निस्तारण किया गया। शिविर में 89 लोगों द्वारा विभिन्न समस्याएं दर्ज कराई गईं।
शिविर में बड़ी संख्या में लोगों को सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। क्षेत्रीय लोगों ने युवाओं के नशे की गिरफ्त में आने की समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए क्षेत्र में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की मांग की।
बहुउद्देश्यीय शिविर में अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने प्रतिभाग कर आम जनता से संवाद किया और विभागीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर अधिकांश समस्याओं का समाधान कराया। शिविर में मुख्य रूप से क्षेत्र में नशे में लिप्त युवाओं की समस्या, नालियों में कूड़ा डालने, एडीबी द्वारा सड़क खोदने के बाद मरम्मत न करने, विद्युत पोल शिफ्टिंग, राशन कार्ड निर्माण, पेयजल समस्या एवं भूमि विवाद से संबंधित प्रकरण सामने आए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के लिए आमजन का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने पुलिस विभाग एवं स्वयंसेवी संस्थाओं को नियमित चेकिंग अभियान चलाने और नशे की लत में फंसे लोगों की काउंसलिंग कराने के निर्देश दिए।
दमुवांढूगा क्षेत्रवासियों ने नगर निगम के कूड़ा वाहन का कोई निश्चित समय न होने की समस्या उठाई। इस पर अपर जिलाधिकारी ने नगर निगम अधिकारियों को कूड़ा वाहन का समय निर्धारित करने तथा सीसीटीवी कैमरों की मदद से नालियों में कूड़ा डालने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिविर में टीकाराम टम्टा ने भूमि विवाद से संबंधित शिकायत दर्ज कराई, जिस पर अपर जिलाधिकारी ने तहसीलदार एवं राजस्व निरीक्षक को मौके पर जाकर प्लाट का सीमांकन एवं चिन्हिकरण करने के निर्देश दिए। विद्युत पोल शिफ्टिंग की मांग पर विद्युत विभाग को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पेयजल समस्या को लेकर जल संस्थान को नलों में जलापूर्ति का समय निर्धारित कर आमजन को पूर्व सूचना देने के निर्देश दिए गए।
शिविर में 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 37 लोगों की जांच कर औषधि वितरित की गई। समाज कल्याण विभाग द्वारा वृद्धा, दिव्यांग एवं विधवा पेंशन के 13 लाभार्थियों को फार्म वितरित किए गए। कृषि विभाग द्वारा दवाइयां, बीज एवं कृषि यंत्र उपलब्ध कराए गए। इसके अलावा विद्युत एवं जल संस्थान के बिलों में संशोधन, खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड ऑनलाइन किए गए तथा नवविवाहितों का यूसीसी के अंतर्गत विवाह पंजीकरण भी किया गया।
शिविर में नगर आयुक्त पारितोष वर्मा, सचिव जिला विकास प्राधिकरण विजय नाथ शुक्ल, उपजिलाधिकारी राहुल साह, तहसीलदार कुलदीप पाण्डे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, क्षेत्रवासी एवं मातृशक्ति उपस्थित रही।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours