जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार: गरमपानी में बहुउद्देश्यीय शिविर, 107 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर निस्तारण

Estimated read time 1 min read





भीमताल । आमजन को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाने और समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सरकार द्वारा संचालित जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत बुधवार को श्री कैंचीधाम तहसील की न्याय पंचायत गरमपानी में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। महिला सभागार खैरना में आयोजित शिविर का शुभारंभ जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने किया।

शिविर में कुल 107 शिकायतें पंजीकृत हुईं, जिनमें से अधिकांश का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से कोई भी पात्र परिवार वंचित न रहे, इसके लिए इन शिविरों में प्रत्येक लाभार्थी को योजनाओं से संतृप्त किया जाए।
शिविर में 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लाभार्थियों को लाभ प्रदान किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने 59 लोगों का उपचार कर निशुल्क दवा वितरित की। आयुर्वेदिक विभाग ने 50 और होम्योपैथिक विभाग ने 46 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। पशुपालन विभाग ने 21 पशुपालकों को दवाएं दीं। कृषि विभाग ने 17 किसानों को कृषि यंत्र व जैविक खाद वितरित की। उद्यान विभाग ने पांच लाभार्थियों को योजना का लाभ दिया, जबकि रोजगार विभाग ने दो युवाओं का पंजीकरण किया। विद्युत विभाग ने छह शिकायतों का निस्तारण किया और जल संस्थान ने दो उपभोक्ताओं के पानी के बिल जमा कराए।
ग्राम बजेड़ी निवासी सुरेश चंद जोशी की शिकायत पर गांव में झूलते विद्युत तारों के समाधान के लिए एक सप्ताह के भीतर अतिरिक्त पोल लगाने के निर्देश दिए गए। आपदा से क्षतिग्रस्त हरोली-गैरखाल सड़क की मरम्मत के लिए तत्काल प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। फसलों को बंदरों व जंगली जानवरों से हो रहे नुकसान पर सोलर फेंसिंग, पिंजरे लगाने सहित अन्य उपाय करने के निर्देश वन विभाग व उरेडा को दिए गए।
ग्राम पंचायत डोबा में झूला पुल और गरमपानी में मोटर पुल की मांग पर डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए खुली नालियों को ढकने, रिफ्लेक्टर लगाने और सड़क सुरक्षा उपाय करने के निर्देश दिए गए। सड़क किनारे खड़े वाहनों से जाम व दुर्घटनाओं की समस्या पर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर चालानी कार्रवाई के निर्देश उप जिलाधिकारी को दिए गए।
सहकारी समिति गरमपानी में वित्तीय अनियमितता और जमापूंजी वापस न मिलने की शिकायतों पर जिलाधिकारी ने गंभीरता दिखाते हुए संबंधितों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।
—————————————————
भूमि, शिक्षा और सिंचाई से जुड़ी शिकायतों का समाधान

भूमि संबंधी रिकॉर्ड दुरुस्त करने, मझेड़ा नहर की मरम्मत कर 65 परिवारों को सिंचाई लाभ दिलाने, प्राथमिक विद्यालय हरतपा के जर्जर भवन को ध्वस्त कर नए भवन के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। गरमपानी में सुलभ शौचालय को संचालन योग्य बनाने और खैरना में विश्राम गृह निर्माण के लिए भी प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। इस अवसर पर क्षेत्र प्रमुख अंकित शाह, सांसद प्रतिनिधि मदन मोहन कैड़ा, विधायक प्रतिनिधि रमेश सुयाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours