भीमताल मल्ली ताल में बनेगी पार्किंग, विधायक कैड़ा ने किया शिलान्यास, मुख्यमंत्री धामी का जताया आभार

Estimated read time 0 min read





भीमताल। भीमताल झील क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही पार्किंग की समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने मल्ली ताल स्थित मत्स्य विभाग की भूमि पर प्रस्तावित पार्किंग निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस दौरान विधायक ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी पहल पर ही पार्किंग निर्माण की घोषणा को मूर्त रूप मिल सका है।

भीमताल विधानसभा का मुख्य पर्यटन क्षेत्र झील वाला भाग है, जहां सीजन में भारी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। पार्किंग व्यवस्था सुचारु न होने के कारण पर्यटकों को वाहन खड़ा करने की उचित जगह नहीं मिल पाती थी। इसका सीधा असर भीमताल नगर के व्यापारियों, स्वरोजगार से जुड़े लोगों और स्थानीय निवासियों पर पड़ रहा था। आए दिन झील क्षेत्र में जाम की स्थिति बन जाती थी, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों दोनों को भारी परेशानी उठानी पड़ती थी।
स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने इस समस्या को लेकर विधायक राम सिंह कैड़ा से भीमताल में समुचित पार्किंग निर्माण की मांग उठाई थी। जनसमस्या की गंभीरता को देखते हुए विधायक कैड़ा ने मुख्यमंत्री से भीमताल मल्ली ताल क्षेत्र में पार्किंग निर्माण को स्वीकृति देने का अनुरोध किया। इसके बाद मुख्यमंत्री घोषणा में भीमताल पार्किंग को शामिल किया गया।
लंबे समय से भूमि उपलब्धता के अभाव में निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा था। विधायक कैड़ा ने जिलाविकास प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ही मत्स्य विभाग और सिंचाई विभाग के अधिकारियों से लगातार संवाद कर पार्किंग निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध कराने का आग्रह किया। संयुक्त प्रयासों के बाद मल्ली ताल स्थित मत्स्य विभाग की भूमि पर पार्किंग निर्माण के लिए सहमति बनी।
विधायक कैड़ा ने बताया कि पार्किंग निर्माण के लिए एक करोड़ 80 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कराई गई है। उन्होंने कहा कि पार्किंग निर्माण पूर्ण होने के बाद भीमताल झील क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी, जाम की समस्या में कमी आएगी और स्थानीय युवाओं तथा व्यापारियों की आमदनी में भी इजाफा होगा। इससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने बताया कि डाठ क्षेत्र में भी पार्किंग निर्माण अतिआवश्यक है। इस दिशा में भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जैसे ही संबंधित भूमि विवाद और अन्य प्रक्रियागत बाधाओं का समाधान होगा, वहां भी पार्किंग निर्माण की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
विधायक कैड़ा ने कहा कि जनता की हर समस्या के समाधान के लिए भाजपा सरकार प्रतिबद्ध है और सरकार जनहित के मुद्दों पर संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के लोगों ने विधायक कैड़ा का फूल मालाओं से स्वागत कर आभार जताया।
इस मौके पर मण्डल अध्यक्ष कमल जोशी, जिला मंत्री मनोज भट्ट, नितिन राणा, कमला आर्या, दिनेश सागुड़ी, बीना आर्या, पंकज जोशी, गोपाल कृष्ण भट्ट, योगेश तिवारी, प्रधान पंकज उप्रेती, प्रदीप पाठक, कमलेश रावत, गौतम मटियाली, आशा उप्रेती, भवाना पांडेय, कुलदीप बोहरा, प्राधिकरण के सचिव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours