भीमताल। पुष्कर सिंह धामी के भीमताल आगमन के दौरान क्षेत्रीय विकास को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। भीमताल से विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री के समक्ष ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ व भीमताल ब्लॉक की विभिन्न विकास योजनाओं को स्वीकृति देने की मांग रखी।
मंत्री राम सिंह कैड़ा की मांग पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लिए कई अहम घोषणाएं कीं। इनमें ओखलकांडा ब्लॉक के राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ओखलकांडा और ढोलीगांव में एक्स-रे मशीन की स्थापना, भीड़ापानी में आयुर्वेदिक चिकित्सालय खोलना, भीमताल में उप-तहसील की स्थापना तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भीमताल में अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध कराने की घोषणा शामिल है।
इसके अतिरिक्त रामगढ़ के सतबुंगा और धारी के लेटीबुंगा में कोल्ड स्टोरेज निर्माण, रामगढ़, धारी और ओखलकांडा के मध्य कृषि मंडी की स्थापना, तथा रामगढ़ के दाड़िम और ओखलकांडा के ककोड़ में मिनी स्टेडियम बनाने की भी घोषणा की गई।
इन घोषणाओं पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है और भीमताल विधानसभा सहित पूरे उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।

+ There are no comments
Add yours