श्रमिकों को किया गया सम्मानित, केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्री ने दी बधाई
भीमताल : नैनीताल-उधम सिंह नगर लोकसभा क्षेत्र से सांसद और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट के जन्मदिवस पर गुरुवार को पूरे संसदीय क्षेत्र में जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित किए गए। कहीं हवन-यज्ञ हुआ, तो कहीं धार्मिक और सामाजिक आयोजन कर उनके दीर्घायु की कामना की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत हल्द्वानी के एपीएस स्कूल से हुई, जहां विद्यालय परिवार ने आतंकी ताकतों के समूल अंत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों को और मजबूत करने का संकल्प लेते हुए श्री भट्ट का जन्मदिन मनाया।
इसके बाद भाजपा कुमाऊं संभाग कार्यालय मुखानी में हवन यज्ञ का आयोजन हुआ। यहां कार्यकर्ताओं ने सांसद अजय भट्ट को पुष्पगुच्छ भेंट कर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
भट्ट ने इस अवसर पर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से भी मुलाकात की। कोश्यारी ने उन्हें जन्मदिन पर आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं। सांसद अजय भट्ट हल्द्वानी के प्रसिद्ध कालू सिद्ध बाबा के मंदिर भी पहुंचे और दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद वह वार्ड संख्या 40 लोहारिया साल तल्ला पहुंचे, जहां मजदूर दिवस के मौके पर नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान में भाग लिया। इस दौरान हल्द्वानी के मेयर गजराज बिष्ट भी उनके साथ मौजूद रहे। सांसद भट्ट ने श्रमिकों को सम्मानित करते हुए कहा कि देश की प्रगति में श्रमिकों की भूमिका अहम है।लालकुआं, काशीपुर, जसपुर आदि में भी जन्मदिन के अवसर पर धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम हुए। महिलाओं को सम्मानित किया गया और कार्यकर्ताओं ने भजन-कीर्तन व पूजन अनुष्ठान किए।
इस मौके पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत कई वरिष्ठ नेताओं, विधायकों और पदाधिकारियों ने दूरभाष पर श्री भट्ट को जन्मदिन की बधाई दी।

+ There are no comments
Add yours