भीमताल । ओखलकाण्डा विकासखण्ड के ग्राम तल्ली पोखरी (शिवनगरम्) निवासी डॉ. हेमन्त कुमार जोशी को भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की हिन्दी सलाहकार समिति के गठन के अंतर्गत गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग में गैर-सरकारी सदस्य सलाहकार के रूप में तीन वर्षों के लिए नामित किया गया है। इस संबंध में उनके नाम भारत के राजपत्र में दर्ज किए गए हैं।
डॉ. जोशी मंत्रालय द्वारा गठित समितियों की बैठकों में प्रतिभाग करेंगे तथा भारत के संविधान में निहित राजभाषा संबंधी उपबंधों, राजभाषा अधिनियम, केंद्रीय हिन्दी समिति के नीतिगत निर्णयों एवं निर्देशों तथा गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग द्वारा जारी अनुदेशों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु परामर्श देंगे। इसके साथ ही वे सरकारी, अधीनस्थ कार्यालयों, सार्वजनिक, स्वायत्त एवं सांविधिक निकायों में हिन्दी के प्रगतिशील प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए सुझाव देंगे।
आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के कैबिनेट मंत्री इस समिति के अध्यक्ष तथा राज्य मंत्री उपाध्यक्ष होंगे। गृह मंत्रालय की इस समिति में उत्तराखण्ड, राजस्थान एवं कर्नाटक से कुल तीन सदस्यों को नामित किया गया है।
डॉ. हेमन्त कुमार जोशी छात्र जीवन से ही शोध लेखों, समसामयिक लेखों एवं कविताओं के माध्यम से सक्रिय लेखन करते आ रहे हैं। उनके लेख राष्ट्रीय भावना, कर्तव्यबोध, जीवनोपयोगी एवं शिक्षाप्रद विषयों पर केंद्रित रहे हैं। वर्तमान में वे इण्टर कॉलेज पतलोट में प्रवक्ता पद पर कार्यरत हैं।
उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य आशुतोष साह सहित समस्त शिक्षक साथियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और इसे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय बताया।

+ There are no comments
Add yours