जिलाधिकारी ने विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश
भीमताल । जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने शनिवार को विकास भवन सभागार भीमताल में जिला योजना, राज्य योजना, केंद्र पोषित तथा बाह्य सहायतित योजनाओं सहित बीस सूत्री कार्यक्रम की प्रगति समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने विभागीय कार्य समयबद्धता, पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि शासकीय कार्यों में किसी भी प्रकार की हीलाहवाली, अकर्मण्यता या निष्क्रियता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को अपनी कार्यशैली में सुधार लाने और जनता के कार्य समय पर निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद की सभी सड़कों पर जहां-जहां पैचवर्क शेष है, उसे शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सड़क निर्माण विभाग के अधिकारी स्वयं फील्ड में उतरकर कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करें, अब किसी भी प्रकार की देरी मंजूर नहीं होगी। जिलाधिकारी ने कहा कि धनराशि का सदुपयोग ही वास्तविक उद्देश्य होना चाहिए, केवल खर्च करना नहीं। जनता को सरकार की योजनाओं का लाभ समय पर मिले, यह सभी अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने निर्माण एजेंसियों से जुड़े अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता जांचने के निर्देश दिए तथा लाभार्थीपरक योजनाओं में वास्तविक लाभार्थियों का चयन फील्ड निरीक्षण के बाद करने को कहा। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की निविदा व टेंडर प्रक्रिया समय से पूर्ण की जाए, ताकि कार्य शीघ्र प्रारंभ होकर निर्धारित समयावधि में पूरे हों। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (PWD) को विशेष रूप से निर्देशित किया कि जनपद की सभी सड़कें गड्ढामुक्त की जाएं और पैचवर्क में तेजी लाई जाए।
उन्होंने कहा कि जिला, राज्य, केंद्र व बाह्य सहायतित योजनाओं में प्राप्त धनराशि का समय पर व्यय और उसका पूर्ण सदुपयोग विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी। बीस सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान उन्होंने बताया कि वर्तमान में 42 मदों में से 21 विभाग A श्रेणी, 10 विभाग B श्रेणी, 5 विभाग C श्रेणी और 6 विभाग D श्रेणी में हैं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि B, C और D श्रेणी के विभाग जल्द लक्ष्य पूर्ति कर A श्रेणी में शामिल हों।
किसानों की आय बढ़ाने के लिए जिलाधिकारी ने विभागीय योजनाओं और आवश्यक सुविधाओं को समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में फसलों की सुरक्षा हेतु तारबाड़ (फेंसिंग) की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कृषि, उद्यान और उरेडा विभाग को निर्देशित किया।
इससे पूर्व, विकास भवन में पहली बार आगमन पर मुख्य विकास अधिकारी अनामिका ने जिलाधिकारी का स्वागत करते हुए जिले की योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि जिला योजना अंतर्गत ₹7020.50 लाख की धनराशि के सापेक्ष 45% यानी ₹3204.23 लाख व्यय की जा चुकी है, जबकि राज्य सेक्टर में 57%, केंद्र पोषित योजनाओं में 87% और बाह्य सहायतित योजनाओं में शत-प्रतिशत धनराशि व्यय हो चुकी है।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी नैनीताल ए. के. गंगवार, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी मुकेश नेगी सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours