भीमताल। विधानसभा क्षेत्र भीमताल के अंतर्गत रामगढ़ ब्लॉक के प्यूड़ा निगराड से सूड तक मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण के लिए 4 करोड़ 8 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत हो गई है। यह जानकारी विधायक राम सिंह कैड़ा ने दी।
विधायक ने बताया कि उक्त मोटर मार्ग का निर्माण पूर्व में राज्य योजना के अंतर्गत कराया गया था, किन्तु डामरीकरण नहीं होने के कारण ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर बरसात के दिनों में किसानों को अपना फल-सब्जी एवं अन्य कृषि उत्पाद हल्द्वानी तक पहुंचाने में काफी परेशानी होती थी।
ग्रामीणों द्वारा लगातार मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण की मांग की जा रही थी। विधायक कैड़ा ने बताया कि इस मार्ग को पीएमजीएसवाई फेस-4 के अंतर्गत प्रस्तावित किया गया था, जिसके तहत अब 4 करोड़ 7 लाख रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है तथा टेंडर प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। शीघ्र ही मार्ग पर डामरीकरण एवं सुधारीकरण का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
विधायक ने रामगढ़ और धारी ब्लॉक के विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को दूरभाष पर आवश्यक निर्देश देते हुए समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कहा।
ग्रामीणों ने मोटर मार्ग के लिए स्वीकृति मिलने पर विधायक का आभार व्यक्त किया है।

+ There are no comments
Add yours