प्रकृति का तांडव: भीमताल विधानसभा में अंधड़ से भारी तबाही, फसलें जमींदोज, कई घरों की छतें उड़ीं

Estimated read time 1 min read





भीमताल, 16 मार्च। भीमताल विधानसभा क्षेत्र में मौसम के अचानक बदले मिजाज ने भारी तबाही मचा दी। धारी ब्लॉक और पदमपुरी क्षेत्र में आए तेज अंधड़ और आंधी-तूफान के कारण किसानों की तैयार खड़ी गेहूं और जौ की फसलें खेतों में बिछ गईं। वहीं कई गांवों में मकानों की छतें उड़ने और पेड़ व बिजली के खंभे गिरने से विद्युत आपूर्ति ठप हो गई, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
धारी ब्लॉक के ग्राम दुदुली निवासी काश्तकार त्रिपुरा बेलवाल ने बताया कि गेहूं और जौ की फसलें कटाई के लिए पूरी तरह तैयार थीं, लेकिन अचानक आए तेज अंधड़ के कारण पूरी फसल जमीन पर गिर गई। उन्होंने कहा कि बालियों में दाने भर जाने के कारण अब फसल दोबारा खड़ी नहीं हो पाएगी, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ेगा।
ग्राम सभा पोखरी (तोक त्यौनारा) में तेज हवाओं के कारण देवकी देवी के मकान की छत उड़ गई। इसके अलावा पदमपुरी और आसपास के क्षेत्रों में कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है। बिजली गुल होने से ग्रामीणों को पानी समेत अन्य दैनिक जरूरतों में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने प्रभावित गांवों का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि बीमा कंपनियां केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित हैं और किसानों को वास्तविक राहत नहीं मिल पा रही है। उन्होंने सरकार से प्रभावित किसानों को फसलों का बाजार मूल्य के आधार पर मुआवजा देने की मांग की।
उधर एसडीएम धारी अंशुल भट्ट ने बताया कि राजस्व विभाग की टीमों को नुकसान के सर्वे के लिए मौके पर भेज दिया गया है। कृषि और आवासीय क्षति का आकलन किया जा रहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद शासन को राहत राशि के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा। साथ ही बिजली विभाग को भी प्राथमिकता के आधार पर विद्युत लाइनें ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours