भीमताल : पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री व नैनीताल-उधम सिंह नगर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अजय भट्ट ने पद्मश्री यशोधर मठपाल के बंदरों के हमले में घायल होने की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए गहरी चिंता जताई है। उन्होंने मठपाल जी से दूरभाष पर वार्ता कर उनका हाल-चाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
भट्ट ने मुख्यमंत्री के सचिव एवं कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत को पत्र लिखकर भीमताल खुटानी क्षेत्र में बंदरों के बढ़ते आतंक को रोकने हेतु आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का अनुरोध किया है। पत्र में उन्होंने उल्लेख किया कि क्षेत्र में बंदरों का उत्पात चरम पर है और आम जनजीवन इससे बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने पत्र में कहा कि “ख्यातिप्राप्त पर्यावरणविद् एवं सम्मानित नागरिक पद्मश्री यशोधर मठपाल जी पर बंदरों के झुंड ने हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया, यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे यह स्पष्ट है कि बंदरों के हमले अब आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन चुके हैं।” सांसद ने बताया कि क्षेत्रवासियों द्वारा लगातार बंदरों की उपद्रवी गतिविधियों की शिकायतें मिल रही हैं। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए घर से बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया है। उन्होंने जनहित को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभाग को यथाशीघ्र बंदरों को पकड़ने एवं उपद्रव रोकने के लिए कार्रवाई करने का आग्रह किया है। इसके अलावा पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं नैनीताल-उधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने रविवार को हल्द्वानी के बच्ची नगर स्थित अपने आवास पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 124वें संस्करण को कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर सुना। इस अवसर पर भट्ट ने कहा कि “प्रधानमंत्री मोदी जी का मन की बात कार्यक्रम समाज को सकारात्मक दिशा देने का माध्यम बन चुका है। यह न केवल देशवासियों को प्रेरित करता है, बल्कि समाज में उल्लेखनीय कार्य करने वाली विभूतियों को पहचान और प्रोत्साहन भी प्रदान करता है।”
कार्यक्रम के दौरान दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर प्रधानमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना और उसकी प्रेरणादायी बातों को आत्मसात करने की बात कही।

+ There are no comments
Add yours