सांसद अजय भट्ट ने किया जमरानी बांध परियोजना का निरीक्षण

Estimated read time 1 min read





15 जून तक सड़क और पुल निर्माण कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश

स्थानीय लोगों को परियोजना से जोड़ने की बात कही

भीमताल: नैनीताल-अल्मोड़ा सांसद अजय भट्ट ने शनिवार को बहु-उपयोगी जमरानी बांध परियोजना और टनल क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना से जुड़े अधिकारियों और ग्रामीणों के साथ बैठक कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। सांसद भट्ट ने निर्देश देते हुए कहा कि गेहरा-अमृतपुर सड़क तथा अमिया गांव में बन रहे मोटर पुल का निर्माण कार्य आगामी 15 जून तक हर हाल में पूर्ण किया जाए। साथ ही उन्होंने जमरानी परियोजना क्षेत्र के स्थानीय लोगों को कार्य में रोजगार से जोड़ने की बात कही। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बांध निर्माण कार्य वर्ष 2029 तक हर हाल में पूर्ण किया जाए। कार्यों में तेजी लाने के लिए विभागीय समन्वय बनाए रखने और स्थानीय लोगों से संवाद बनाए रखने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने सांसद के समक्ष अमिया पुल निर्माण में हो रही देरी, डेहरा गांव में भूस्खलन से सुरक्षा और भूमि सुधार कार्य जैसी समस्याएं रखीं। जिस पर सांसद ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। परियोजना प्रगति पर महाप्रबंधक ने दी जानकारी
जमरानी बांध परियोजना के महाप्रबंधक प्रशांत विश्नोई ने अवगत कराया कि वर्तमान में दो सुरंगों का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जो जून 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके उपरांत नदी डायवर्शन कर बांध का निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जून 2029 तक परियोजना पूर्ण होने का लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि इस बांध से उत्तराखंड के कई जिलों के साथ उत्तर प्रदेश के बरेली और रामपुर जिलों को भी पेयजल आपूर्ति की जाएगी। इसके साथ ही क्षेत्र में पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विकास पर भी कार्य किया जा रहा है।निरीक्षण कार्यक्रम में विधायक भीमताल राम सिंह कैड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, बीडीओ हरीश बिष्ट, एसडीएम नवाजिश खलिक, अनिल चनौतिया, मुकेश बेलवाल सहित परियोजना से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours