भीमताल। नैनीताल–उधमसिंह नगर से सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने शुक्रवार को भवाली बाईपास पर नव निर्मित पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। लगभग 546.75 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस पुल के साथ ही उन्होंने कैंचीधाम बाईपास क्षेत्र का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सांसद ने कैंचीधाम में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली। करीब 39 करोड़ रुपये की लागत से बन रही बहुमंजिला वाहन पार्किंग एवं अन्य निर्माण कार्यों के संबंध में उन्होंने गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर दिया।
सांसद भट्ट ने कहा कि मानसखंड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत कैंचीधाम में बहुमंजिला पार्किंग के निर्माण से श्रद्धालुओं को पार्किंग की बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही भवाली-अल्मोड़ा हाईवे पर लगने वाले जाम से भी बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि भवाली-रातिघाट बाईपास के निर्माण से यातायात और अधिक सुगम एवं सुविधाजनक होगा, जिससे कुमाऊं के पहाड़ी क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्रियों को जाम से निजात मिलेगी।
उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप किए जाएं। कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान सांसद ने स्थानीय लोगों से भी मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
निरीक्षण के उपरांत उन्होंने नीम करौरी बाबा के कैंचीधाम मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर चेयरमैन संजय वर्मा, भावना मेहरा, गोपाल रावत, शिवांशु जोशी, प्रकाश आर्या, हिमांशु बिष्ट, आशु चंदोला, अखिलेश सेमवाल, नीरज बिष्ट, शुभम कुमार, वैभव आनंद, धीरज तिवाड़ी, मदन मोहन सिंह कैड़ा, उपजिलाधिकारी मोनिका, ईई लोक निर्माण विभाग कृष्ण कुमार, रत्नेश सक्सेना सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours