भीमताल को मिला केंद्रीय विद्यालय का भव्य नवीन भवन
भीमताल : नैनीताल-उधम सिंह नगर सांसद अजय भट्ट ने मंगलवार को 25.84 करोड़ रुपये की लागत से बने नव निर्मित पीएम केंद्रीय विद्यालय भवन, भीमताल का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने वंदना, स्वागत गीत, छोलिया नृत्य तथा लोकसंस्कृति से ओत-प्रोत प्रस्तुति देकर अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर नई दिल्ली स्थित भारतीय मंडपम से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान द्वारा वर्चुअल माध्यम से देशभर के नव निर्मित केंद्रीय विद्यालय भवनों का लोकार्पण किया गया और इसे राष्ट्र को समर्पित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने सभी राज्यों में आयोजित समारोहों को संबोधित भी किया।
सांसद अजय भट्ट ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्रीय विद्यालयों से शिक्षित छात्र आज देश के विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत शिक्षा, कृषि, तकनीक, औद्योगिक विकास और अनुसंधान के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि शिक्षा के माध्यम से आज महिलाएं फाइटर प्लेन उड़ा रही हैं और अंतरिक्ष में भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।
उन्होंने कहा, “शिक्षा जीवन को दिशा देती है। विद्या ही विनय सिखाती है, ज्ञान प्रदान करती है और व्यक्ति को सर्वोत्तम बनाती है।” सांसद ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति की सराहना करते हुए कहा कि यह नीति भारतीय मूल्यों एवं ज्ञान परंपरा को पुनर्जीवित कर रही है और भारत को वैश्विक मंच पर तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरने में सहायता कर रही है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने भीमताल में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय भवन की स्थापना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का आभार प्रकट किया। इस अवसर पर भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा, नगर पालिका अध्यक्ष सीमा टम्टा, केंद्रीय विद्यालय देहरादून संभाग के सहायक आयुक्त सुरजीत सिंह, विद्यालय की प्राचार्य अंजू सिंह, ललित मोहन बिष्ट, जनप्रतिनिधिगण, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


+ There are no comments
Add yours