दिशा बैठक में सख्त हुए सांसद अजय भट्ट, योजनाओं की धीमी प्रगति पर जताई नाराज़गी

जलजीवन मिशन और स्वास्थ्य सुविधाएं रही फोकस में

भीमताल । जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में अध्यक्ष व सांसद अजय भट्ट ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समयबद्धता और गुणवत्तापूर्ण निर्माण के साथ धरातल पर उतारा जाए, ताकि आम जनता को इन योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।
सांसद अजय भट्ट ने सर्किट हाउस काठगोदाम में आयोजित बैठक में पीएमजीएसवाई, लोक निर्माण विभाग, किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, समग्र शिक्षा, रोपवे, प्रधानमंत्री मत्स्य योजना, पीएम सूर्य घर योजना आदि की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की। सांसद ने कहा कि दिशा बैठकों की मॉनिटरिंग स्वयं केंद्र सरकार स्तर पर होती है, इसलिए अधिकारी योजनाओं को लेकर और अधिक गंभीरता दिखाएं तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए तय समयावधि में योजनाएं पूर्ण करें।

जलजीवन मिशन पर सांसद की सख्त नाराज़गी

जनपद में जलजीवन मिशन (जेजेएम) के तहत हो रहे कार्यों पर सांसद अजय भट्ट ने गहरी नाराज़गी व्यक्त की।
ब्लॉक प्रमुख भीमताल हरीश बिष्ट ने बैठक में कहा कि भीमताल के पर्वतीय क्षेत्रों में जेजेएम के तहत नल तो लगा दिए गए हैं, लेकिन नलों में पानी नहीं आ रहा है, जिससे ग्रामीणों को पेयजल के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर सांसद भट्ट ने जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जेजेएम कार्यों की प्रगति की अलग से बैठक बुलाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में जहां स्रोत ही नहीं हैं, वहां कागजों में पानी का कनेक्शन दिखाना गंभीर लापरवाही है, जिसकी जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।
ब्लॉक प्रमुख हल्द्वानी मंजू गौड़ ने कहा कि हल्द्वानी शहर में जेजेएम के तहत अधिकांश सड़कों को खोद दिया गया है, जिसके कारण लोगों को आवागमन में दिक्कतें हो रही हैं। इस पर जेजेएम के नोडल अधिकारी विशाल सक्सेना ने बताया कि सड़क मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग को 60 प्रतिशत धनराशि उपलब्ध करा दी गई है। लोनिवि अधिकारियों ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया गतिमान है और शीघ्र ही सड़क मरम्मत का कार्य प्रारम्भ कर दिया जाएगा।

पर्वतीय क्षेत्रों में चिकित्सकों की कमी पर चिंता

पर्वतीय क्षेत्रों के अस्पतालों में चिकित्सकों की कमी पर सांसद भट्ट ने गंभीर चिंता जताई। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को निर्देश दिए कि पर्वतीय क्षेत्रों के चिकित्सालयों में शीघ्र चिकित्सकों की तैनाती, तकनीकी स्टाफ एवं आवश्यक उपकरणों का प्रस्ताव भेजा जाए।

सांसद ने कहा कि जहां-जहां विशेषज्ञ डॉक्टर तैनात हैं, उन्हें साप्ताहिक रूप से अन्य जरूरतमंद क्षेत्रों में रोटेशन के आधार पर भेजा जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में भी विशेषज्ञ परामर्श व उपचार उपलब्ध हो सके। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा शीघ्र ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती की जा रही है।

विकास प्राधिकरण, भवन मानचित्र स्वीकृति और ब्लॉक भवन की मरम्मत पर भी दिए निर्देश

जिला विकास प्राधिकरण की समीक्षा के दौरान सांसद भट्ट ने सचिव विकास प्राधिकरण को निर्देश दिए कि आम जनता की सुविधा के लिए भवन मानचित्र स्वीकृति को सरल बनाया जाए तथा नियमित कैंप लगाकर मानचित्रों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
पिछली बैठक में ब्लॉक भवन भीमताल में वर्षाकाल के दौरान पानी टपकने की शिकायत पर आपत्ति जताई गई थी। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा मरम्मत तो कराई गई, लेकिन कार्य का सत्यापन नहीं कराया गया। इस पर सांसद भट्ट ने नाराज़गी जताते हुए पूछा कि जब कार्य पूरा हो चुका है तो सत्यापन क्यों नहीं कराया गया। उन्होंने इस संबंध में जांच के आदेश जारी किए।

संचार व्यवस्था, शिक्षा व खेल सुविधाओं पर भी हुई समीक्षा

पर्वतीय क्षेत्रों में संचार सेवा की समीक्षा के दौरान बीएसएनएल अधिकारियों ने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में लगभग 90 प्रतिशत नेटवर्क समस्या का समाधान कर लिया गया है। जहां-जहां टावर की आवश्यकता थी, वहां टावर लगाए गए हैं तथा नए क्षेत्रों में टावर लगाने हेतु सर्वे कार्य जारी है। इस पर सांसद भट्ट ने ओखलकांडा क्षेत्र में वर्तमान में आ रही नेटवर्क समस्या को प्राथमिकता से निस्तारित करने और शीघ्र बीएसएनएल के साथ अलग बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।

शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद ने कहा कि डॉनपरेबा क्षेत्र में एक विद्यालय का ध्वस्तीकरण हुए एक वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन शिक्षा विभाग की ओर से कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई। इस पर उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी को एक सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

खेल विभाग की समीक्षा के दौरान कार्यदायी संस्था सिंचाई विभाग की ओर से बताया गया कि अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में 32 करोड़ की लागत से कार्य प्रगति पर है, जिसमें लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। सांसद भट्ट ने मोतीनगर एवं हरिपुर बच्ची क्षेत्र में क्षतिग्रस्त फेंसिंग के कारण किसानों को हो रहे नुकसान पर चिंता जताते हुए प्रभागीय वन अधिकारी को फेंसिंग की शीघ्र मरम्मत के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल, विधायक सरिता आर्या, रामसिंह कैड़ा, ब्लॉक प्रमुख भीमताल हरीश बिष्ट, ओखलकांडा के.डी. रूवाली, रामगढ़ दीप कुमार, हल्द्वानी मंजू गौड़, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, डीडीओ गोपाल गिरी गोस्वामी, सचिव प्राधिकरण विजय नाथ शुक्ल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours