भीमताल । क्षेत्र में सामने आए कथित जबरन धर्म परिवर्तन और उत्पीड़न के मामले को लेकर मंगलवार को विधायक सरिता आर्या पीड़ित महिला के आवास पहुंचीं और परिजनों से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि सोहेल नामक युवक उसे बहला-फुसलाकर बिजनौर ले गया, जहां उसके साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया गया। आरोप है कि उस पर जबरन मांस खिलाने और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर धमकाने और प्रताड़ित करने की बात भी सामने आई है। पीड़िता द्वारा मामले की जानकारी परिजनों और पुलिस को दी गई है।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश और चिंता का माहौल है। विधायक सरिता आर्या ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर और अनुसूचित वर्ग से जुड़ी महिलाओं को निशाना बनाए जाने के मामले अत्यंत गंभीर हैं और इनकी निष्पक्ष व उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।
विधायक ने प्रशासन से पूरे प्रकरण की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पीड़िता को न्याय दिलाना उनकी प्राथमिकता है और इस दिशा में हर स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट भी उनके साथ मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours