भीमताल। विधानसभा क्षेत्र भीमताल की क्षतिग्रस्त सड़कों, सिंचाई नहरों एवं सुरक्षात्मक कार्यों के लिए आपदा मद से धनराशि स्वीकृत करने की मांग को लेकर विधायक राम सिंह कैड़ा ने देहरादून सचिवालय में आपदा सचिव विनोद कुमार सुमन से मुलाकात की।
विधायक कैड़ा ने बताया कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ एवं भीमताल ब्लॉक में बरसात के कारण अनेक मोटर मार्ग क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है। वहीं कई सिंचाई नहरों को भी भारी नुकसान पहुंचा है, जिसके चलते किसानों को सिंचाई संबंधी गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की गौला नदी, लाधिया नदी, कलशा नदी एवं नंदौर नदी में बरसात के दौरान लगातार भू-कटाव हो रहा है। इससे किसानों की उपजाऊ भूमि बह रही है और कई ग्रामीणों के मकानों पर भी खतरा मंडरा रहा है।
विधायक ने आपदा सचिव से क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों के पुनर्निर्माण, भूमि कटाव की रोकथाम, मकानों की सुरक्षा हेतु सीमेंट ब्लॉक एवं चेकडैम निर्माण तथा आपदा से क्षतिग्रस्त सिंचाई नहरों के पुनर्निर्माण के लिए आपदा मद से शीघ्र धनराशि स्वीकृत करने की मांग की। उन्होंने कहा कि समय रहते आवश्यक कार्य नहीं हुए तो ग्रामीणों को और अधिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

+ There are no comments
Add yours