धारी ब्लॉक के गांवों में विधायक कैड़ा का दौरा, आदमखोर गुलदार पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

Estimated read time 1 min read





भीमताल : विधानसभा क्षेत्र भीमताल के धारी ब्लॉक अंतर्गत दिनी तल्ली, हाथ, मुगरू, कोलिया पाताल व दिनी मल्ली क्षेत्र में विधायक राम सिंह कैड़ा ने वन विभाग के अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने अनर्पा, सकदिना, चौसाली, सलियाकोट, तल्ला-मल्ला, सुंदरखाल, दिनी मल्ली, राता सहित अन्य गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
विधायक कैड़ा ने बताया कि तल्ली दिनी में हाल ही में हुई घटना के बाद जंगल से सटे गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों द्वारा कई स्थानों पर बाघ व गुलदार की आवाजाही की सूचना दी जा रही है। इसे गंभीरता से लेते हुए विधायक ने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आदमखोर गुलदार को शीघ्र पकड़ने अथवा आवश्यक होने पर मारने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने जिन गांवों में बाघ व गुलदार की मूवमेंट की सूचना मिल रही है, वहां वन विभाग की टीमें तैनात कर नियमित गश्त बढ़ाने व संवेदनशील क्षेत्रों में पिंजरे लगाने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी पूरी सतर्कता के साथ कार्य करें।
विधायक कैड़ा ने ग्रामीणों से भी अपील की कि जंगल से सटे क्षेत्रों में और बच्चों के स्कूल आने-जाने के दौरान अकेले न जाएं, बल्कि समूह में आवाजाही करें। उन्होंने वन विभाग को गांवों में लगातार गश्त कर आदमखोर गुलदार पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours