अधिकारियों को दिए समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश
भीमताल : विधायक राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को ओखलकांडा ब्लॉक के खनश्यू, पारतोला, पोखरी तल्ली, चैकसैदुला, झड़गांव तल्ला-मल्ला, डालकन्या और पतलोट सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर जनसमस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने बिजली, पानी, स्वास्थ्य और सड़कों से जुड़ी समस्याएं उनके समक्ष रखीं। विधायक कैड़ा ने मौके से ही संबंधित विभागों के अधिकारियों से संपर्क कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने PWD विभाग को मानसून से पूर्व आपदा प्रबंधन से संबंधित टेंडर प्रक्रिया पूर्ण करने को कहा, ताकि आपदा की स्थिति में JCB मशीनों की सहायता से मोटर मार्गों को समय पर खोला जा सके। विधायक ने जल संस्थान और जल निगम के अधिकारियों को जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रही पेयजल योजनाओं के कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान विधायक कैड़ा ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे, इसके लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े।

+ There are no comments
Add yours