बिजली, पानी, सड़क की समस्याओं पर ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
भीमताल : विधायक राम सिंह कैड़ा ने रविवार को धारी ब्लॉक के देवनगर, पलड़ा, कनर्खा, सरना आदि गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी समस्याएं रखीं।
देवनगर में जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक कैड़ा ने कहा कि कनर्खा से देवनगर तक तीन किलोमीटर मोटर मार्ग का निर्माण कार्य पूर्व में ही राज्य योजना के तहत कराया जा चुका है। उन्होंने घोषणा की कि देवनगर गांव के लिए अब विधायक निधि से मोटर मार्ग का निर्माण कराया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। विधायक ने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को फोन कर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने जल निगम और जल संस्थान के अधिकारियों को जल जीवन मिशन के तहत चल रहे पेयजल लाइन निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से और समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष वर्षों से लंबित समस्याओं को उठाया, जिस पर विधायक ने भरोसा दिलाया कि हर गांव की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।

+ There are no comments
Add yours