भीमताल। विधायक राम सिंह कैड़ा ने रविवार को भीमताल विधानसभा क्षेत्र के हरीनगर, खेलागाड़ा, मज्यूली, पहाड़पानी, शिलालेख सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर जनता की समस्याएं सुनी।
ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष बिजली, पेयजल व खराब सड़कों सहित बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं। इस पर विधायक कैड़ा ने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
उन्होंने जल निगम के अधिकारियों को जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन पेयजल लाइनों के कार्य को गुणवत्ता के साथ यथाशीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही पीडब्ल्यूडी व पीएमजीएसवाई विभाग के अधिकारियों को क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों की मरम्मत शीघ्र कराने को कहा।
विधायक कैड़ा ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। लगातार गांव-गांव जाकर आम जनता से सीधा संपर्क कर उनकी समस्याएं सुनी जा रही हैं और सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर पर पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

+ There are no comments
Add yours