विधायक कैड़ा ने विकास कार्यों की समीक्षा बैठक ली, अधिकारियों को दी गति लाने की हिदायत

Estimated read time 1 min read





भीमताल । विधायक राम सिंह कैड़ा ने मंगलवार को विकास भवन भीमताल में जिले के उच्च अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में विधायक ने अधिकारियों को विकास कार्यों में गति लाने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
विधायक कैड़ा ने पीडब्ल्यूडी विभाग को खराब सड़कों पर डामरीकरण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने, संबंधित मार्गों की डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। वहीं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) फेज-4 के अंतर्गत ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक के उन गांवों की डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने को कहा गया, जहां अब तक सड़कें नहीं बनी हैं। शिक्षा विभाग के अधिकारियों को प्राथमिक विद्यालयों, जूनियर हाई स्कूलों और इंटर कॉलेजों में शिक्षकों की नियुक्ति शीघ्र करने के निर्देश दिए गए। इस पर शिक्षा विभाग ने आश्वासन दिया कि 15 दिसंबर तक शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
विधायक कैड़ा ने सख्त लहजे में कहा कि किसी भी विभागीय कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और ऐसी स्थिति में संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पशु विभाग को सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं को गौशालाओं में भेजने के निर्देश दिए। अन्य विभागों को क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर डीडीओ नैनीताल, मंडल अध्यक्ष कमल जोशी, जिला मंत्री मनोज भट्ट, जिला पंचायत सदस्य डीकर मेवाड़ी, अनिल चनोतिया, व्यापार मंडल अध्यक्ष पंकज जोशी, डुंगर ढोलगाई, पंकज उप्रेती, गोपाल कृष्ण भट्ट, तथा पीडब्ल्यूडी, पीएमजीएसवाई, स्वास्थ्य, शिक्षा, जल निगम और जल संस्थान सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours