महाशिवरात्रि पर छोटे कैलाश मंदिर मेले की तैयारियों को लेकर विधायक कैड़ा ने ली अधिकारियों की बैठक

Estimated read time 1 min read





भीमताल। विधायक राम सिंह कैड़ा ने 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर छोटे कैलाश मंदिर में आयोजित होने वाले भव्य मेले की तैयारियों को लेकर काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में मेले से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
विधायक कैड़ा ने कहा कि महाशिवरात्रि के अवसर पर छोटे कैलाश मंदिर में दूर-दराज से लाखों शिवभक्त दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं, ऐसे में व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मेले के चारों ओर से आने वाले सभी मोटर मार्गों को शीघ्र दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए।
विधायक ने पुलिस प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखने, वहीं पेयजल, विद्युत एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से मेले को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की। बैठक के दौरान गैरहाजिर अधिकारियों पर विधायक कैड़ा ने नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि 13 फरवरी तक सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, ब्लॉक प्रमुख हरीश बिष्ट, अनिल चनोतिया, कमलेश भट्ट, संतोष शर्मा, पंकज महरा, डीके शर्मा, तिलोचन पलड़िया, उमेश शर्मा, मंदिर समिति के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours