भीमताल । धारी ब्लॉक की ग्राम सभा कुलोरी के तोक खुटियाखाल में वन्य जीव के हमले में 40 वर्षीय महिला की मौत से क्षेत्र में दहशत फैल गई है। मृतका गंगा देवी पत्नी जीवन चंद्र मंगलवार सुबह मवेशियों के लिए चारा लेने जंगल गई थीं। इसी दौरान बाघ अथवा गुलदार ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें उठा ले गया।
घटना के बाद ग्रामीण महिलाओं, परिजनों और ग्रामीणों ने जंगल में तलाश अभियान चलाया। करीब दो किलोमीटर दूर महिला का शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने जिला प्रशासन, डीएफओ और वन विभाग की टीम को तत्काल मौके पर भेजने के निर्देश दिए। विधायक स्वयं भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
विधायक कैड़ा ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि लगातार वन्यजीव हमलों के बावजूद विभाग प्रभावी कार्रवाई नहीं कर पा रहा है। उन्होंने बताया कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र में अब तक तीन महिलाओं की जान वन्यजीव हमलों में जा चुकी है। विधायक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मानव जीवन सर्वोपरि है और आदमखोर वन्य जीव को शीघ्र मारना जरूरी है।
विधायक ने वन विभाग के अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्र में जगह-जगह मचान लगाने, अतिरिक्त टीमें तैनात करने और पिंजरे लगाने के निर्देश दिए। साथ ही उच्च अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर जल्द ठोस कार्रवाई की मांग की।
विधायक कैड़ा ने मृतका के परिजनों को शीघ्र 10 लाख रुपये मुआवजा देने तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि विधायक के हस्तक्षेप के बाद वन विभाग ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना के बाद चिकित्सकों की टीम को मौके पर बुलाकर महिला का पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया। विधायक कैड़ा ने घटना की जानकारी मुख्यमंत्री और वन मंत्री को देते हुए क्षेत्र में वन्यजीवों से हो रही लगातार जनहानि को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

+ There are no comments
Add yours