भीमताल । ग्राम सभा गौनियारो में युवाओं द्वारा आयोजित उत्तरायणी टी-10 क्रिकेट प्रतियोगिता के चौथे दिन विधायक राम सिंह कैड़ा ने प्रतिभाग कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता बीते चार दिनों से क्षेत्रीय युवाओं के सहयोग से आयोजित की जा रही है, जिसमें बड़ी संख्या में खिलाड़ियों और ग्रामीणों की भागीदारी देखी गई।
इस अवसर पर विधायक कैड़ा ने उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है तथा प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है, बल्कि अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को भी मजबूत करता है।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने गौनियारो में स्थायी खेल मैदान निर्माण की मांग रखी, जिस पर विधायक कैड़ा ने अपनी विधायक निधि से खेल मैदान निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए वे और सरकार हर संभव प्रयास कर रहे हैं तथा क्षेत्र की प्रत्येक समस्या के समाधान की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।
खेल मैदान निर्माण की घोषणा पर युवाओं और ग्रामीणों ने विधायक कैड़ा का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य डीकर मेवाड़ी, ललित गौनिया, गिरधर गौनिया, नंदन गौनिया, दीपक गौनिया, रघुवीर मटियाली, शिव सिंह मटियाली, गोधन मेवाड़ी, मदन गौनिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि व स्थानीय लोग मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours