भीमताल। विधानसभा क्षेत्र भीमताल के विधायक राम सिंह कैड़ा ने गुरुवार को ओखलकांडा ब्लॉक के लुगड़, चमोली गाजा, ककोड़ गाजा, ल्वाड़, दोबा सहित विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने बिजली, पेयजल और सड़क से जुड़ी समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं।
विधायक कैड़ा ने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने जल निगम के अधिकारियों को जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे पेयजल लाइन निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को मोटर मार्गों के डामरीकरण एवं नव निर्माण के लिए शीघ्र डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए गए।
विधायक ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति सुचारु बनाए रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को गांव के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है और इस दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
विधायक कैड़ा ने बताया कि जिन गांवों में अभी तक सड़क सुविधा नहीं है, उन्हें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) फेस-4 के अंतर्गत सड़क से जोड़ने के लिए प्रस्ताव भेज दिए गए हैं। जल्द ही इन गांवों में भी मोटर मार्ग निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा।

+ There are no comments
Add yours