अधिकारियों को मौके पर समाधान के दिए निर्देश
भीमताल। विधायक राम सिंह कैड़ा ने ओखलकांडा विकासखंड के पैटना में आयोजित जन-जन की सरकार, जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अन्य मूलभूत समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं।
विधायक कैड़ा ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य गांव के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसी दिशा में राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है।
विधायक ने अधिकारियों से कहा कि वे अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें, ताकि आम जनता को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार जनता के द्वार पहुंचकर उनकी छोटी-बड़ी समस्याओं का समाधान कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जिससे ग्रामीणों ने संतोष जताया। इस अवसर पर राज्य मंत्री शांति महरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours