भीमताल। विधायक राम सिंह कैड़ा ने बीएसएनएल की कमजोर संचार व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताते हुए विभाग के उच्च अधिकारियों से फोन पर वार्ता की और भीमताल विधानसभा क्षेत्र में नेटवर्क व्यवस्था तत्काल सुधारने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि भारत सरकार द्वारा ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक के अंतर्गत दो दर्जन से अधिक 4जी बीएसएनएल टावर लगाए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद कई क्षेत्रों में मोबाइल फोन से कॉल नहीं लग पा रही है।
उन्होंने बताया कि कई गांवों में इंटरनेट सेवा चालू है, लेकिन कॉलिंग सुविधा बाधित होने से ग्रामीणों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। डालकन्या, अधोड़ा, डुंगरी, अमजड़, सुवाकोट, पोखरी, ल्वाड़, डोबा, गौनियारों, ककोड़, हरीशताल, पटरानी, कौन्ता, दुदली सहित अनेक गांवों में संचार सेवा प्रभावित है।
विधायक कैड़ा ने कहा कि संचार व्यवस्था आज के समय में मूलभूत आवश्यकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बीएसएनएल अधिकारियों को निर्देश दिए कि टावरों की कनेक्टिविटी को तकनीकी रूप से और सुदृढ़ किया जाए, ताकि ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ व भीमताल ब्लॉक के ग्रामीणों को निर्बाध संचार सुविधा मिल सके।

+ There are no comments
Add yours