विधायक कैड़ा ने किया गलनी-खनश्यू उत्तरायणी कौतिक महोत्सव का समापन

Estimated read time 1 min read





तीन दिवसीय मेले में उमड़ा जनसैलाब, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों पर झूमे ग्रामीण

भीमताल । विधानसभा क्षेत्र भीमताल के ओखलकांडा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम गलनी, त्रिवेणी संगम खनश्यू में आयोजित तीन दिवसीय उत्तरायणी कौतिक महोत्सव का रविवार को भव्य समापन हुआ। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने कार्यक्रम का विधिवत समापन किया। कार्यक्रम का संचालन विनोद पलड़िया द्वारा किया गया।
महोत्सव के तीसरे दिन उत्तरायणी कौतिक को देखने के लिए हजारों की संख्या में ग्रामीण पहुंचे। विधायक राम सिंह कैड़ा ने आयोजक मंडल को बधाई देते हुए कहा कि अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने के लिए इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजनों का निरंतर आयोजन आवश्यक है। उन्होंने कहा कि गलनी-खनश्यू क्षेत्र ओखलकांडा का एक महत्वपूर्ण केंद्रीय स्थल है, जहां 15 से अधिक गांवों के लोग कौतिक देखने पहुंचे।
विधायक ने बताया कि वर्ष 2020 से लगातार उत्तरायणी कौतिक महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जो क्षेत्रीय सांस्कृतिक पहचान को मजबूत कर रहा है। उन्होंने मेले को सफल बनाने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों, आयोजकों और क्षेत्रीय जनता का आभार जताया तथा कहा कि भविष्य में इस कौतिक को और विस्तार देकर एक अलग पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
महोत्सव के दौरान खुशी जोशी, राकेश पनेरू एवं सांस्कृतिक दलों द्वारा कुमाऊंनी व गढ़वाली गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दी गईं। खुशी जोशी और राकेश पनेरू के गीतों तथा जोड़ा-चांचरी नृत्य पर विधायक राम सिंह कैड़ा सहित ग्रामीणों ने जमकर थिरकते हुए कार्यक्रम का आनंद लिया।
क्षेत्रीय ग्रामीणों ने उत्तरायणी कौतिक महोत्सव में संरक्षक के रूप में योगदान देने पर विधायक राम सिंह कैड़ा का फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत कर आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर घनश्याम सुयाल, रवि गोस्वामी, राजू बर्गली, प्रकाश थुवाल, राम सिंह मछखोलिया, रोहित थुवाल, अनिल थुवाल, गजेंद्र बर्गली, लक्ष्मण चिलवाल, दीपक मेहता, संजय ऐड़ी, मोहन पलड़िया, करन कुमार, पंकज सुवाल, योगेश पलड़िया, चंदन बर्गली, हरेंद्र चिलवाल, मनोज चिलवाल, ललित चिलवाल, खीमेश सनवाल, यश बर्गली सहित अनेक जनप्रतिनिधि व क्षेत्रवासी मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours