पीडब्लूडी सचिव से की धनराशि स्वीकृति की मांग
भीमताल । विधायक राम सिंह कैड़ा ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के जर्जर मोटर मार्गों के डामरीकरण एवं सुधार कार्यों को लेकर शासन स्तर पर जोरदार पहल की है। गुरुवार को विधायक कैड़ा ने देहरादून स्थित सचिवालय में पीडब्लूडी सचिव पंकज कुमार पाण्डेय से मुलाकात कर ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ व भीमताल ब्लॉक क्षेत्र की सड़कों के लिए धनराशि स्वीकृत किए जाने की मांग उठाई।
विधायक कैड़ा ने सचिव को अवगत कराया कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के अनेक मोटर मार्गों पर काफी समय से डामरीकरण नहीं हुआ है, जिसके चलते सड़कों पर गड्ढे बन गए हैं। खराब सड़क स्थिति के कारण स्थानीय ग्रामीणों, विद्यार्थियों, मरीजों तथा आमजन को आवाजाही में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। कैड़ा ने कहा कि ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक के कई मोटर मार्गों का निर्माण एवं डामरीकरण कार्य प्रस्तावित है, जिनकी डीपीआर शासन स्तर पर लंबित है। उन्होंने पीडब्लूडी सचिव से इन डीपीआरों को शीघ्र अनुमोदित कर संबंधित मोटर मार्गों के नव निर्माण, डामरीकरण एवं सुधार कार्यों के लिए धनराशि स्वीकृत किए जाने का आग्रह किया।
विधायक कैड़ा ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में सड़कें विकास की लाइफ़ लाइन हैं। यदि सड़कें गड्ढों से भरी हों तो न केवल आमजन को दिक्कतें होती हैं, बल्कि आपातकालीन स्थिति में भी बड़ी समस्या खड़ी हो जाती है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि शासन स्तर से जल्द स्वीकृति मिलने पर ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ व भीमताल ब्लॉक के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुविधा बेहतर होगी और लोगों की लम्बे समय से लंबित मांगों का समाधान हो सकेगा।

+ There are no comments
Add yours