भीमताल : विगत दिनों आई आपदा के कारण भीमताल विधानसभा क्षेत्र के अधिकांश इलाकों में किसानों और काश्तकारों की फसलों तथा फल उत्पादकों को भारी नुकसान हुआ है। इस संबंध में कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने बुधवार को तहसीलदार धारी के माध्यम से मुख्यमंत्री उत्तराखंड को ज्ञापन प्रेषित कर प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की।
ज्ञापन में मनोज शर्मा ने कहा कि पिछले कई वर्षों से भीमताल विधानसभा क्षेत्र के किसानों की तैयार फसलें बेमौसम बारिश, अंधड़ और तूफान की वजह से लगातार खराब हो रही हैं। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है और उनकी मेहनत का उचित फल नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि एक ओर प्राकृतिक आपदाओं से नुकसान हो रहा है, वहीं दूसरी ओर बीमा कंपनियों की कार्यप्रणाली से भी किसान परेशान हैं।
उन्होंने बताया कि हाल ही में आई आंधी और तूफान के कारण क्षेत्र में गेहूं और जौ की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है। कई स्थानों पर खेतों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। मटर उत्पादक किसानों के साथ ही फल उत्पादकों को भी काफी हानि हुई है। इसके अलावा कई क्षेत्रों में ग्रामीणों के घरों को भी नुकसान पहुंचा है और अन्य परेशानियां भी उत्पन्न हो गई हैं। वर्तमान में भी मौसम में अस्थिरता बनी हुई है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
शर्मा ने मुख्यमंत्री से मांग की कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र में किसानों और ग्रामीणों को हुए नुकसान का शीघ्र सर्वेक्षण कर बिना किसी तकनीकी बाधा के उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों के किसानों के लिए एक सुदृढ़ और व्यवस्थित कृषि नीति बनाई जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार के नुकसान की स्थिति में किसानों को बाजार मूल्य के अनुसार मुआवजा मिल सके।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार किसानों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लेती है तो पर्वतीय क्षेत्रों में किसानों का खेती से मोहभंग हो सकता है, जिससे पहाड़ों का पलायन और बढ़ेगा और क्षेत्र वीरान होने की स्थिति पैदा हो जाएगी। उन्होंने सरकार से किसानों की पीड़ा को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र राहत प्रदान करने की मांग की।

+ There are no comments
Add yours