भीमताल से कांग्रेस टिकट के लिए मनोज शर्मा ने ठोकी दावेदारी

Estimated read time 0 min read





नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या के समक्ष रखा पक्ष, सर्वे के आधार पर टिकट देने की मांग

भीमताल: आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भीमताल में कांग्रेस के संभावित दावेदार सक्रिय होने लगे हैं। इसी क्रम में कांग्रेस से जुड़े युवा नेता मनोज शर्मा ने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या के समक्ष अपनी दावेदारी प्रस्तुत की।
शर्मा ने कहा कि वह लंबे समय से क्षेत्र में गरीब, असहाय और मेहनतकश लोगों की आवाज उठाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि कठिन समय में भी वह कांग्रेस के साथ मजबूती से खड़े रहे और लगातार संगठन के लिए काम करते रहे। वर्तमान समय में जब प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बन रहा है तो कई लोग खुद को कांग्रेसी बताने लगे हैं, लेकिन उन्होंने संघर्ष के दौर में भी पार्टी का झंडा थामे रखा।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों के कार्यकाल में आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ा है और भ्रष्टाचार से लोग ऊब चुके हैं। मनोज शर्मा ने कहा कि भीमताल विधानसभा लंबे समय से विकास से दूर रही है और कुछ नेताओं ने केवल निजी लाभ के लिए काम किया है।
शर्मा ने पार्टी नेतृत्व से मांग की कि विधानसभा टिकट का फैसला सर्वे के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि सर्वे में उनकी लोकप्रियता कम पाई जाती है तो वह पार्टी के मजबूत और लोकप्रिय उम्मीदवार के समर्थन में काम करेंगे।
उन्होंने बताया कि जल्द ही ओखलकांडा ब्लॉक में एक बड़े सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लगभग 15 हजार लोगों के शामिल होने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा धारी ब्लॉक के सिलालेख ग्राउंड में भीमताल विधानसभा स्तरीय सम्मेलन आयोजित करने की योजना है, जिसमें 35 से 40 हजार लोगों के शामिल होने का दावा किया गया है।

शर्मा ने कहा कि वह पार्टी के अनुशासित कार्यकर्ता हैं और पार्टी नेतृत्व जो भी निर्णय लेगा, उसका पूरी निष्ठा से पालन करेंगे। यदि पार्टी उन्हें 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ने का मौका देती है तो वह मजबूती से चुनाव लड़ेंगे, अन्यथा पार्टी के उम्मीदवार को जिताने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours