भीमताल। विधानसभा भीमताल की बदहाल सड़कों और जर्जर स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने सोमवार को कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने ज्ञापन भी सौंपा। शर्मा ने कहा कि विधानसभा के अधिकांश मोटरमार्ग लंबे समय से खराब हालत में हैं। हाल की आपदा ने इन्हें और भी दयनीय स्थिति में पहुँचा दिया है। वहीं स्वास्थ्य सेवाओं की हालत भी बदतर है। क्षेत्र के अस्पताल मात्र रेफर सेंटर बनकर रह गए हैं। अधिकांश अस्पतालों में मानकों के अनुरूप सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने कहा कि लगातार विभागीय अधिकारियों से सुधार की मांग की गई, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। हालात ऐसे हैं कि पूरे विधानसभा क्षेत्र का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कांग्रेस नेता को आश्वासन दिया कि उठाए गए सभी मुद्दों पर तत्काल कार्यवाही के निर्देश अधिकारियों को दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। मुलाकात के दौरान शिष्टमंडल में ज्येष्ठ प्रमुख धारी नंदाबल्लभ बृजवासी, पूर्व प्रधान युगल किशोर पलडिया, राजेश सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours