भीमताल । हल्द्वानी तहसील में फर्जी दस्तावेज बनाए जाने की गंभीर शिकायत पर कुमाऊँ आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने तत्काल संज्ञान लेते हुए देर शाम बनभूलपुरा क्षेत्र में अचानक छापेमारी की। आयुक्त के निरीक्षण में अराजनबीस (दस्तावेज लेखक) फैजान मिकरानी के घर से बड़ी मात्रा में फर्जी दस्तावेज बरामद हुए। इसी दौरान क्षेत्र में स्थित दूसरा सीएससी सेंटर भी बंद मिला। आयुक्त ने बताया कि उनके जनता-दरबार में बरेली निवासी रईस अहमद ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके नाम का स्थायी निवास प्रमाण पत्र किसी और व्यक्ति के नाम पर फर्जी तरीके से बना दिया गया है। जांच में पाया गया कि यह दस्तावेज फैजान मिकरानी द्वारा तैयार किया गया था। कुमाऊँ आयुक्त ने कैम्प कार्यालय में फैजान मिकरानी, शिकायतकर्ता रईस अहमद, जिनके नाम से फर्जी आईडी बनाई गई थी—देवेन्द्र पाण्डे और उनकी पत्नी नंदी पाण्डे, तथा जलीस और रईस अहमद, जिनके स्थाई निवास प्रमाण पत्र फर्जी दस्तावेज लगाकर तैयार किए गए—सभी को बुलाकर गहन पूछताछ की। पूछताछ में यह सामने आया कि इस पूरे प्रकरण में कुछ सरकारी कर्मचारियों की मिलीभगत भी रही है। जांच के दौरान सैकड़ों पुराने विद्युत बिल भी बरामद हुए, जिनका उपयोग फर्जी दस्तावेज तैयार करने में किया गया था। इसी पर संबंधित विद्युत विभाग के कर्मचारी को मौके पर बुलाकर पूछताछ की गई। साथ ही पटवारी द्वारा ऑनलाइन सत्यापन प्रक्रिया में लापरवाही और शक की स्थिति को देखते हुए आयुक्त ने उप जिलाधिकारी हल्द्वानी को जांच के निर्देश दिए। आयुक्त को ऐसे कई दस्तावेज भी मिले, जो अन्य लोगों के नाम पर थे। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि आवेदकों के दस्तावेजों और मोबाइल नंबरों का दुरुपयोग करके नकली ईमेल आईडी बनाई गई और विभिन्न प्रमाण पत्र तैयार किए गए। इस गंभीर प्रकरण पर कुमाऊँ आयुक्त ने उप जिलाधिकारी हल्द्वानी को तत्काल मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि तहसील परिसर में बिना लाइसेंस किसी भी अराजनबीस या पत्र-लेखन कार्य को हरगिज़ नहीं चलने दिया जाएगा। पुलिस को संबंधित सभी व्यक्तियों से कठोर पूछताछ कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के आदेश दिए गए। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में कठोर कार्रवाई की जाएगी और अब तक बनाए गए सभी संदिग्ध प्रमाण पत्रों की विस्तृत जांच भी की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी हल्द्वानी राहुल शाह, पुलिस क्षेत्राधिकारी नितिन लोहनी, तहसीलदार कुलदीप पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours