सोशल मीडिया व डायल 112 पर झूठी सूचना देने वालों पर सख्त हुई नैनीताल पुलिस
भीमताल। डायल 112 पर झूठी फायरिंग की सूचना देना एक युवक को भारी पड़ गया। सूचना झूठी मिलने पर भीमताल पुलिस ने युवक को मौके से हिरासत में लेकर पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की है।
जिला मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी0सी0 ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि सोशल मीडिया अथवा डायल-112 पर भ्रामक व झूठी सूचनाएँ प्रसारित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। 24 नवंबर 2025 की रात्रि डायल-112 पर कॉलर द्वारा सातताल क्षेत्र में बर्थडे पार्टी के दौरान झगड़ा व फायरिंग होने तथा एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना दी गई।
सूचना पर तत्काल उपनिरीक्षक महेन्द्र राज सिंह चीता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस जब सातताल पहुँची तो वहाँ न तो कोई व्यक्ति मौजूद मिला और न ही किसी प्रकार की फायरिंग या झगड़े की घटना सत्यापित हो सकी।
स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि स्थल पर जन्मदिन मना रहे करीब 10–12 युवकों के बीच आपस में केवल कहासुनी हुई थी, किसी प्रकार की फायरिंग नहीं हुई थी। इस प्रकार कॉलर द्वारा दी गई सूचना पूरी तरह झूठी पाई गई।
इस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कॉलर अमित सिंह सूर्या पुत्र भुवन सिंह सूर्या, निवासी सूर्यागाँव, भीमताल, को मौके से हिरासत में लेकर थाने लाया गया ।बाद में आरोपित द्वारा लिखित माफीनामा प्रस्तुत किए जाने पर उसके विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत चालान की कार्रवाई की गई।
झूठी सूचना देना दंडनीय अपराध : पुलिस
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया या डायल 112 पर झूठी/भ्रामक सूचना देना दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों में कड़ी वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे जिम्मेदार नागरिक के रूप में आपातकालीन सेवा डायल 112 का प्रयोग केवल वास्तविक आपात स्थितियों में ही करें तथा अफवाह फैलाने या झूठी सूचना देने से बचें, अन्यथा कानूनन कार्यवाही के लिए तैयार रहें।

+ There are no comments
Add yours