भीमताल। उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के दिशा-निर्देशों एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल/जिला न्यायाधीश प्रशांत जोशी के निर्देशन में सोमवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज किशनपुर गौलापार में एसडीआरएफ के सहयोग से विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में एसडीआरएफ की टीम द्वारा छात्र-छात्राओं को आपदा की स्थिति में प्राथमिक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा प्राथमिक चिकित्सा देने के संबंध में एक दिवसीय प्रशिक्षण प्रदान किया गया। टीम ने आपदा के दौरान स्वयं की सुरक्षा एवं दूसरों की सहायता के व्यावहारिक तरीके भी बताए।
इसके उपरांत सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल पारुल थपलियाल ने छात्र-छात्राओं को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यों एवं योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विधिक अधिकारों से अवगत कराते हुए पॉक्सो एक्ट एवं मोटर वाहन अधिनियम जैसे महत्वपूर्ण कानूनों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
शिविर में विद्यालय की प्रधानाचार्य सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में आपदा प्रबंधन एवं विधिक जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।

+ There are no comments
Add yours