प्रवक्ता भर्ती निरस्त, UKPSC दोबारा जारी करेगा विज्ञप्ति

Estimated read time 1 min read

देहरादून। उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग ने उत्तराखण्ड विशेष अधीनस्थ शिक्षा (प्रवक्ता संवर्ग, श्समूह-ग) सेवा (सामान्य शाखा एवं महिला शाखा) परीक्षा-2024 हेतु रिक्त 613 (सामान्य शाखा में 550 एवं महिला शाखा में 63 पद) पदों पर भर्ती को निरस्त कर दिया है।

आयोग की ओर से 18 अक्टूबर, 2024 प्रकाशित किया गया था। विज्ञापन में स्क्रीनिंग परीक्षा के बाद विषयवार लिखित परीक्षा (वस्तुनिष्ठ प्रकार) का उल्लेख किया गया था। स्क्रीनिंग परीक्षा दिनांक 27 अप्रैल, 2025 को होनी थी। लेकिन 24 मार्च, 2025 को अग्रिम आदेशों तक स्क्रीनिंग परीक्षा स्थगित कर दी गयी थी।

उत्तराखण्ड शासन, माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा 18 मार्च, 2025 के उत्तराखण्ड विशेष अधीनस्थ शिक्षा (प्रवक्ता) (संशोधन) नियमावली-2025 प्रख्यापित की गयी, जिसके द्वारा मूल नियमावली के नियम-15 (3) में संशोधन करते हुए सीधी भर्ती हेतु पूर्व स्थापित स्क्रीनिंग परीक्षा की व्यवस्था को समाप्त करते हुए मात्र विषयवार परीक्षा आयोजित करने की व्यवस्था की गयी है।

उत्तराखण्ड शासन की ओर से 09 अप्रैल, 2025 को पत्र भेजकर उत्तराखण्ड विशेष अधीनस्थ शिक्षा (प्रवक्ता संवर्ग, समूह-ग) सेवा (सामान्य शाखा एवं महिला शाखा) के पदों पर सीधी भर्ती द्वारा चयन हेतु गतिमान चयन प्रक्रिया को निरस्त करते हुए, उक्त पदों पर चयन प्रक्रिया नवीन संशोधित नियमावली के आधार पर कराये जाने के संबंध में अग्रेत्तर कार्यवाही करने का अनुरोध किया गया।

शासन के पत्र के बााद आयोग ने उत्तराखण्ड विशेष अधीनस्थ शिक्षा (प्रवक्ता संवर्ग) सेवा (सामान्य शाखा एवं महिला शाखा) के सीधी भर्ती के रिक्त 613 पदों पर गतिमान चयन प्रक्रिया को निरस्त कर दिया है। उत्तराखण्ड शासन से संशोधित नियमावली के आधार पर नया अधियाचन प्राप्त होने के बाद आयोग इन पदों पर चयन हेतु फिर से विज्ञप्ति जारी करेगा।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours