भीमताल में विश्व पर्यावरण दिवस पर वृहद वृक्षारोपण अभियान शुरू

Estimated read time 1 min read





मुख्य विकास अधिकारी ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम के तहत किया पौधारोपण

भीमताल : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विकास भवन सभागार, भीमताल में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी अनामिका ने की। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए बताया कि 5 जून से 16 जुलाई तक (हरेला पर्व) जिले भर में वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि वर्ष 1972 में संयुक्त राष्ट्र द्वारा पर्यावरण के प्रति वैश्विक जागरूकता लाने के उद्देश्य से इस दिवस की शुरुआत की गई थी। 1973 से हर वर्ष 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाता है, जिसमें 143 से अधिक देश हिस्सा लेते हैं। इस वर्ष की थीम “Ending Plastic Pollution Globally” के तहत जनपद को प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत विकास भवन परिसर में अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा पौधारोपण किया गया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने सभी को प्लास्टिक पर निर्भरता कम करने और स्वच्छ व हरित पर्यावरण की दिशा में कार्य करने की शपथ भी दिलाई।
इधर भवाली स्थित जी.बी. पंत इंटर कॉलेज में क्षेत्रीय विधायक सरिता आर्य की उपस्थिति में ‘कबाड़ से जुगाड़’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चूंकि विद्यालय मतदेय स्थल भी है, इसलिए स्वीप टीम द्वारा यहां और खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, मेहरागांव में भी पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ. मुकेश सिंह नेगी, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, सहायक परियोजना अधिकारी चंद्रा फत्र्याल, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई, मुख्य कृषि अधिकारी, मुख्य उद्यान अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी व अन्य विभागीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours