भीमताल । विधायक राम सिंह कैड़ा ने बताया कि लंबे समय से प्रतीक्षित काठगोदाम से दानीजाला-सिमलखेत होते हुए अमृतपुर तक के बाईपास मोटर मार्ग को भारत सरकार से वन एवं पर्यावरण विभाग की स्वीकृति प्राप्त हो गई है। विधायक कैड़ा ने कहा कि काठगोदाम से रानीबाग के बीच गुलाब घाटी क्षेत्र में हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती थी, जिसके कारण भीमताल विधानसभा क्षेत्र, कुमाऊँ मंडल तथा पर्यटकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती थी। यह मार्ग क्षेत्र के प्रमुख यातायात बिंदुओं में से एक होने के कारण लंबे समय से चौड़ीकरण और वैकल्पिक मार्ग की मांग की जा रही थी। उन्होंने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर काठगोदाम से दानीजाला-सिमलखेत-अमृतपुर तक बाईपास मार्ग बनाए जाने की मांग रखी थी। उनकी मांग पर सरकार ने इस मार्ग को स्वीकृति प्रदान की, जिसके बाद भारत सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्रालय से भी अनुमति मिल गई है। विधायक कैड़ा ने कहा कि शीघ्र ही इस बाईपास मोटर मार्ग का निर्माण कार्य प्रारंभ होगा, जिससे भीमताल विधानसभा समेत संपूर्ण कुमाऊँ क्षेत्र के लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सांसद अजय भट्ट का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस परियोजना के निर्माण से पर्यटन को बढ़ावा, स्थानीय लोगों को रोजगार और यातायात व्यवस्था में सुगमता सुनिश्चित होगी।

+ There are no comments
Add yours