दूरस्थ गांव नाई में लगा जनसुनवाई शिविर, जिलाधिकारी ने मौके पर ही निपटाईं कई समस्याएं

Estimated read time 1 min read





सड़कों की गुणवत्ता जांच के आदेश, स्कूल और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार के निर्देश

भीमताल : विकासखंड ओखलकांडा के दूरस्थ गांव नाई में शुक्रवार को जिलाधिकारी वंदना की अध्यक्षता में जनसुनवाई शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों द्वारा विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 80 शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिनमें से अधिकांश का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया।
जनसुनवाई के दौरान पीएमजीएसवाई योजना के अंतर्गत बनी सड़कों की खराब गुणवत्ता की शिकायत पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी धारी तथा लोक निर्माण विभाग नैनीताल व भवाली के अधिशासी अभियंताओं की संयुक्त टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिविर के दौरान राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज नाई में चार अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत की गई। मानसून को देखते हुए जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाओं व सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि गर्भवती महिलाओं और आकस्मिक रोगियों को समय पर उपचार मिल सके। ग्रामीणों ने क्षेत्र की अन्य समस्याएं भी उठाईं, जिनमें पेयजल संकट, अधूरे जल जीवन मिशन कार्य, विद्यालय भवनों की जर्जर स्थिति, अध्यापकों की कमी, जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा, टूटी सड़कों और पैदल मार्गों की मरम्मत, और विस्थापन जैसी गंभीर समस्याएं शामिल रहीं। हरीनगर गांव के ग्रामीणों ने वर्ष 2023 से अधूरी पड़ी पेयजल योजना की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने पेयजल निगम को जून माह में हर हाल में योजना हैंडओवर करने के निर्देश दिए। साथ ही, गांव के 2010 से लंबित विस्थापन को लेकर भी अधिकारियों को शीघ्र कार्यवाही के आदेश दिए। शिविर में प्राथमिक व जूनियर विद्यालयों की छतों और भवनों की मरम्मत के साथ अध्यापकों की शीघ्र नियुक्ति की मांग पर जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को 15 दिन में मरम्मत प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। एससी बहुल क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं बढ़ाने हेतु एससीपी के तहत प्रस्ताव तैयार करने के आदेश ग्रामीण निर्माण विभाग को दिए गए। ई-केवाईसी से जुड़ी समस्याओं को लेकर कृषि विभाग को गांव में कैम्प लगाने के लिए निर्देशित किया गया। पुराने सिंचाई गेस्ट हाउस की मरम्मत, पैदल मार्गों के सुधार, पशु सेवा केंद्र भवन की मरम्मत और अधिकारी की तैनाती जैसे विषयों पर भी आवश्यक आदेश मौके पर दिए गए। शिविर में विधायक भीमताल राम सिंह कैड़ा, उपजिलाधिकारी के एन गोस्वामी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
विभिन्न विभागों द्वारा सरकारी योजनाओं की जानकारी देने हेतु स्टॉल भी लगाए गए, जिनके माध्यम से ग्रामीणों को लाभान्वित किया गया।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours