जमरानी बांध से भीमताल ब्लॉक में पर्यटन व रोजगार के नए आयाम स्थापित होंगे : डॉ. हरीश सिंह बिष्ट

भीमताल : ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने शनिवार को भीमताल ब्लॉक क्षेत्रांतर्गत निर्माणाधीन जमरानी बांध परियोजना का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति जानी। इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर स्थानीय लोगों को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार से जोड़ने के निर्देश दिए।
डॉ. बिष्ट ने कहा कि जमरानी बांध परियोजना माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे में स्थानीय जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे समय–समय पर परियोजना की निगरानी कर कार्य की गति, गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर नजर रखें। उन्होंने परियोजना अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में लक्ष्य पूरा करने के साथ–साथ निर्माण गुणवत्ता से समझौता न करने के निर्देश दिए।
ब्लॉक प्रमुख ने जानकारी दी कि करीब 3808 करोड़ रुपये की लागत से बन रही जमरानी बांध परियोजना का प्रारंभिक कार्य तेजी से चल रहा है और निर्धारित योजना के अनुसार 30 जून 2029 तक बांध का निर्माण कार्य पूर्ण किया जाना है। वर्तमान में पानी की निकासी हेतु दो टनलों का निर्माण जारी है। परियोजना के तहत करीब 10 किलोमीटर लंबी झील का निर्माण प्रस्तावित है, जो भविष्य में भीमताल ब्लॉक और आसपास के क्षेत्रों के लिए पर्यटन का बड़ा केंद्र बनेगी।
डॉ. बिष्ट ने कहा कि जमरानी में बन रहा यह बांध दर्जनों गांवों के हजारों स्थानीय ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगा। एक ओर जहाँ तराई–भाबर क्षेत्र को पर्याप्त मात्रा में पेयजल एवं सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध होगा, वहीं दूसरी ओर झील के विकसित होने से पर्यटन, होटल, होमस्टे, बोटिंग, फिशरी, गाइड तथा परिवहन सेवाओं जैसे क्षेत्रों में स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना से जुड़े कार्यों में अधिक से अधिक स्थानीय मजदूरों, तकनीशियनों और युवाओं को प्राथमिकता दी जाए, ताकि विकास का लाभ सीधे क्षेत्र की जनता तक पहुंच सके।
निरीक्षण के दौरान ब्लॉक प्रमुख ने स्पष्ट किया कि परियोजना क्षेत्र के स्थानीय लोगों का हित सर्वोपरि है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि जमरानी बांध पूर्ण होने के बाद भीमताल ब्लॉक में पर्यटन की अपार संभावनाएं खुलेंगी और क्षेत्र रोजगार व आर्थिक गतिविधियों का मजबूत केंद्र बनकर उभरेगा।
इस अवसर पर ज्येष्ठ प्रमुख उमेश पलड़िया, अध्यक्ष जमरानी बांध नवीन पलड़िया, अध्यक्ष संघर्ष समिति धर्मेंद्र शर्मा, ग्राम प्रधान दीपा देवी, मदन सम्मल, इंदर मेहता, विक्रम सिंह, बीडीसी सदस्य हरीश पलड़िया, पंकज सूर्या, राजू पलड़िया, राजू भनवाल, नवीन पांडे, गौरव रमोला, प्रेम मेहरा, नंदन बोरा, ईश्वरी दत्त, इंदर सम्मल, विनोद सम्मल, इंदर नेगी, लक्ष्मी दत्त पलड़िया, कृष्णा पलड़िया, दुर्गादत्त, कुंदन जीना, कमल कुल्याल, दीपक, परियोजना प्रबंधक (निर्माण) उमेश अग्रवाल, अधिशासी अभियंता सिंचाई परियोजना जमरानी बांध योगेश कांडपाल, आर. पी. जोशी, हरीश श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours