भीमताल। वीकेंड आते ही भीमताल शहर जाम की समस्या से जूझ रहा है। हालात ऐसे हैं कि मल्लीताल बाजार की सड़कों पर वाहनों की रफ्तार रेंगने तक सिमट जाती है। मुख्य बाजार क्षेत्र में घंटों तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जाम की स्थिति ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। बाजार में पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों तथा मरीजों को समय पर गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। भीड़भाड़ के समय दोपहिया वाहन चालकों को भी रास्ता निकालना परेशानी भरा हो जाता है।
ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए पुलिसकर्मी तैनात किए जाते हैं और जाम खुलवाने के लगातार प्रयास भी होते हैं, लेकिन इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। स्थानीय व्यापारियों और निवासियों ने सप्ताहांत पर अलग ट्रैफिक प्लान लागू करने, व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था करने और अवैध पार्किंग तथा सड़क पर अनावश्यक रुकने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

+ There are no comments
Add yours