क्षेत्र पंचायत की बैठक में लंबित कार्यों पर अधिकारियों की घेरेबंदी
भीमताल। विकास खंड सभागार में आयोजित क्षेत्र पंचायत समिति (बीडीसी) की त्रैमासिक बैठक में विकास कार्यों को लेकर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच तीखी चर्चा देखने को मिली। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने की। बैठक की शुरुआत पूर्व बैठक में लिए गए निर्णयों की समीक्षा के साथ हुई।
बैठक में बीडीसी सदस्यों एवं ग्राम प्रधानों ने शिक्षा, सड़क और पेयजल व्यवस्था की बदहाली को लेकर अधिकारियों को घेरा। जल जीवन मिशन के तहत संचालित योजनाओं पर सवाल उठाते हुए सदस्यों ने कहा कि कई गांवों में बोरिंग होने के बावजूद आज तक पानी नहीं पहुंच पाया है, जबकि कई स्थानों पर नल खुले में छोड़ दिए गए हैं, जिससे योजनाओं की उपयोगिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
बैठक में क्षेत्र के विकास से जुड़े बजट प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। ब्लॉक प्रमुख ने लोक निर्माण विभाग को भीमताल क्षेत्र में लंबित सड़क निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं विद्युत विभाग को ग्रामीणों के आवासीय क्षेत्रों से गुजर रही बिजली लाइनों को हटाने और जर्जर पोलों को शीघ्र बदलने को कहा गया।
उद्यान विभाग के जिम्मेदार अधिकारी के बैठक में अनुपस्थित रहने पर सदस्यों ने नाराजगी जताई और विभागीय चर्चा से इंकार कर दिया। सदन ने निर्देश दिए कि अनुपस्थित अधिकारी अपने न रहने का कारण लिखित रूप में स्पष्ट करें।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने मनरेगा के संशोधित प्रावधानों और वीबीजी-रामजी योजना की जानकारी देते हुए कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया।
ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने कहा कि क्षेत्र पंचायत की बैठक धरातल पर विकास कार्यों को उतारने का सबसे प्रभावी माध्यम है। जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने शांतिपूर्ण एवं सफल बैठक के लिए सभी जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
बैठक में ज्येष्ठ प्रमुख उमेश पलड़िया, कनिष्ठ प्रमुख रागिनी आर्य, सीडीओ गोपाल गिरी गोस्वामी, जिला पंचायत सदस्य विपिन जंतवाल सहित अनेक ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य, बीडीओ हर्षित गर्ग, सहायक पंचायत अधिकारी असलम अली तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours