मतदान कार्मिकों का द्वितीय प्रशिक्षण संपन्न, निष्पक्षता और पारदर्शिता से कार्य करने के निर्देश

प्रथम चरण में बेतालघाट, ओखलकांडा, रामगढ़, धारी व द्वितीय चरण में हल्द्वानी, रामनगर, भीमताल, कोटाबाग में होगा त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव

भीमताल : त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2025 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सफल बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज सभागार हल्द्वानी में द्वितीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में पीठासीन अधिकारी सहित मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ समेत जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों सहित कुल 1225 मतदान कार्मिकों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने कहा कि चुनाव ड्यूटी में लापरवाही क्षम्य नहीं है। सभी अधिकारी चुनाव से संबंधित समस्त जानकारी एवं प्रक्रिया को भलीभांति समझ लें। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदान केंद्र पर सौंपे गए दायित्वों का निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ निर्वहन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान स्थल पर पहुँचने के बाद सभी कार्मिक वहीं निवास करेंगे, अन्यत्र निवास नहीं करेंगे। साथ ही सभी मतदान दलों को अपने गंतव्य पर सुरक्षित पहुँचने की सूचना संबंधित जोनल/सेक्टर/निर्वाचन अधिकारी को देना अनिवार्य होगा।

प्रशिक्षण में मतदान प्रक्रिया की दी विस्तृत जानकारी

प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर द्वारा मतदान दिवस की सभी प्रक्रियाएं, सामग्री की जांच, मतदान स्थल की स्थापना, कार्मिकों के कार्य विभाजन, दो-दो घंटे में मतदान विवरण देने की प्रक्रिया सहित मतपेटी की सुरक्षित निकासी व जमा करने की विस्तृत जानकारी दी गई। मास्टर ट्रेनर ने बताया कि रवानगी से पूर्व 73 बिंदुओं वाली सामग्री की सूची का मिलान कर ही सामग्री ग्रहण करें। मतदान समाप्ति के बाद मतपेटी को नियमानुसार सुरक्षित रूप से संग्रहण स्थल तक लाना सुनिश्चित करें। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि पंचायत चुनाव लोकतंत्र की नींव है और इसमें मतदान कार्मिकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने जोर देकर कहा कि निर्वाचन को न केवल निष्पक्ष रूप से संपन्न करना है बल्कि निष्पक्ष दिखना भी है। किसी भी समस्या या शंका की स्थिति में उच्चाधिकारियों से तत्काल संपर्क करें।

प्रशिक्षण में कई अधिकारी रहे उपस्थित

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी, प्रभारी मास्टर ट्रेनर एचबी चंद, नोडल अधिकारी मतपेटी राजेंद्र पांडे, जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित सभी मतदान अधिकारी मौजूद रहे।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours