विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, शत-प्रतिशत बजट व्यय पर जोर

Estimated read time 1 min read





भीमताल । विकास भवन भीमताल के सभागार में गुरुवार को जिला सेक्टर, राज्य सेक्टर, केंद्र पोषित, बाह्य सहायतित एवं बीस सूत्रीय कार्यक्रमों की मासिक प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी विभागों को योजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करते हुए वित्तीय वर्ष समाप्ति से पूर्व शत-प्रतिशत धनराशि व्यय करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि आवंटित बजट का समय पर व्यय न होने से विकास कार्य प्रभावित होते हैं। सभी विभाग भौतिक एवं वित्तीय प्रगति के साथ पारदर्शिता बनाए रखते हुए समय से भुगतान सुनिश्चित करें।
बीस सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण में लक्ष्य के सापेक्ष धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि सभी सामुदायिक, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं उपकेंद्रों के लिए टीकाकरण रोस्टर तैयार कर शत-प्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करें। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
बैठक में उरेडा विभाग का कोई भी सक्षम अधिकारी उपस्थित न होने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए परियोजना अधिकारी उरेडा से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए।
——————————————————————————————————

वन्यजीव प्रभावित क्षेत्रों में पशुपालकों को चारा उपलब्ध कराने के निर्देश

जिलाधिकारी ने मुख्य पशुचिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि पर्वतीय क्षेत्रों में वन्यजीवों की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए पशुपालकों को जंगल जाने से रोका जाए तथा आपदा निधि से उपलब्ध धनराशि के माध्यम से प्रभावित क्षेत्रों में पशु आहार की त्वरित व्यवस्था की जाए।
कृषि विभाग को प्रत्येक विकासखंड के पांच-पांच ऐसे गांवों का चिन्हीकरण करने के निर्देश दिए गए जो वन क्षेत्रों से सटे हैं और जहां जंगली जानवरों से खेती को नुकसान हो रहा है। इन गांवों के लिए सोलर फेंसिंग एवं तारबाड़ की कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।
हल्द्वानी एवं नैनीताल नगर क्षेत्र में बार-बार हो रही पेयजल लाइन लीकेज की शिकायतों पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान के अधिकारियों को शीघ्र मरम्मत कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी सड़क निर्माण एजेंसियों को सड़कों की निरंतर निगरानी कर सुचारू आवागमन सुनिश्चित करने को कहा।
विधायक निधि के अंतर्गत कम धनराशि व्यय पर जिला विकास अधिकारी को विधायकों से प्रस्ताव प्राप्त कर शीघ्र धनराशि जारी करने के निर्देश दिए गए। कृषि, उद्यान एवं संबंधित विभागों को शीतकालीन पौधों का वितरण कर पौधारोपण कराने को कहा गया।
बैठक में प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी/जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरि गोस्वामी, जिलाअर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ. मुकेश सिंह नेगी सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours