भीमताल। विधायक राम सिंह कैड़ा ने रामगढ़ ब्लॉक सभागार में अधिकारियों एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की जनसमस्याओं को गंभीरता से सुना। बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अन्य मूलभूत समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा।
विधायक कैड़ा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
विधायक ने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करने तथा जनता से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसके लिए प्रशासन व जनप्रतिनिधियों को मिलकर कार्य करना होगा। बैठक में मंडल अध्यक्ष अंकित पाण्डेय, खंड विकास अधिकारी रामगढ़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours