42 से अधिक मौत की आशंका, कई भारतीयों के होने की खबर
भीमताल । सऊदी अरब में उमराह के लिए गए यात्रियों से भरी बस के भीषण सड़क हादसे में 40 से अधिक लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि बस मक्का से मदीना की ओर जा रही थी, इसी दौरान रास्ते में उसकी टक्कर एक डीजल टैंकर से हो गई। टक्कर लगते ही बस में आग लग गई और कुछ ही पलों में पूरा वाहन लपटों से घिर गया। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार यह दर्दनाक हादसा मदीना के नजदीक मुहरास या मुफरिआत इलाक़े में स्थानीय समयानुसार तड़के करीब 1:30 बजे हुआ। यह इलाका मदीना से करीब 160 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है। हादसे के समय बस में सवार कई यात्री सो रहे थे, जिसके कारण उन्हें संभलने या बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस की खिड़कियां और दरवाजे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इसके बाद भड़की आग ने देखते ही देखते पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कम से कम 42 लोगों की मौत की खबर है। मृतकों की शिनाख्त करना भी मुश्किल बताया जा रहा है, क्योंकि कई शव आग में पूरी तरह झुलस गए हैं।
कई भारतीयों के होने की आशंका, हैदराबाद के भी यात्री शामिल
रिपोर्ट्स के मुताबिक हादसे में जान गंवाने वालों में बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक होने की आशंका है। माना जा रहा है कि मरने वालों में तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद सहित आसपास के इलाकों के कई यात्री शामिल हैं। मरने वालों में महिलाओं और बच्चों के भी होने की जानकारी सामने आ रही है।
स्थानीय प्रशासन और रेस्क्यू टीमें घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। गंभीर रूप से झुलसे घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद बस और टैंकर दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे के संबंध में सऊदी अरब के संबंधित विभागों की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी और मृतकों की राष्ट्रीयता को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है। उधर, भारत से भी संभावना जताई जा रही है कि सरकार स्तर पर सऊदी प्रशासन से पूरी जानकारी जुटाई जाएगी।

+ There are no comments
Add yours