आंवला एकादशी से पहाड़ों में खड़ी होली की शुरुआत, भीमताल ब्लॉक में जनप्रतिनिधियों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर दी शुभकामनाएं

Estimated read time 1 min read





भीमताल। आंवला एकादशी के पावन अवसर से पहाड़ों में पारंपरिक खड़ी होली की विधिवत शुरुआत हो गई। इसी क्रम में विकास खंड भीमताल परिसर में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं तथा आपसी सौहार्द का संदेश दिया।
ब्लॉक प्रमुख भीमताल ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों का आह्वान करते हुए कहा कि रंगों का यह पावन पर्व आपसी मतभेद भुलाकर एकता और भाईचारे के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और सद्भाव का प्रतीक है।
जिला पंचायत सदस्य बिपिन सिंह जंतवाल ने कहा कि इस प्रकार के सामूहिक आयोजनों से समाज में घनिष्ठता और आपसी तालमेल बढ़ता है, जिससे क्षेत्र के विकास कार्यों में भी सकारात्मक ऊर्जा मिलती है।
खंड विकास अधिकारी हर्षित गर्ग ने सभी कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों को होली की बधाई देते हुए कहा कि पर्व हमें मिलजुलकर कार्य करने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता प्रेम सिंह कुल्याल ने पारंपरिक कुमाऊनी खड़ी होली गाकर समां बांध दिया, जिससे वातावरण पूरी तरह होलीमय हो उठा।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान संगठन अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह गंगोला सहित समस्त ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ब्लॉक स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours